छत्तीसगढ़ में भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव तेज हो गया है। दिल्ली में राहुल गांधी के प्रदर्शन के विरोध में भाजपा नेताओं ने रायपुर स्थित कांग्रेस भवन का घेराव किया। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और नेता राजीव भवन पहुंचे, जिससे दोनों दलों के बीच तनाव की स्थिति बनी। वहीं कांग्रेस ने NEET पेपर लीक मामले को लेकर प्रदेशभर में प्रदर्शन किया। रायपुर समेत कई जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान कुछ स्थानों पर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झड़प भी हुई। कांग्रेस ने सभी जिला मुख्यालयों में विरोध प्रदर्शन कर सरकार पर निशाना साधा। पार्टी ने आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी है। भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी पर संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान नहीं करने का आरोप लगाया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राहुल गांधी देश और संविधान से ऊपर खुद को मानते हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कांग्रेस पर राजनीतिक माहौल खराब करने का आरोप लगाया। दोनों दलों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच प्रदेश में सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं।

Source: Source