भिलाई पुलिस ने मॉर्निंग वॉक के दौरान हुई चेन स्नेचिंग की वारदात का खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने मां-बेटे को आरोपी बनाया है। दोनों ने मिलकर 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को बातों में उलझाकर सोने की चेन लूट ली थी। घटना 31 जुलाई की सुबह सेक्टर-1 इलाके में हुई थी। आरोपी महिला ने फूल तोड़ने में मदद मांगकर बुजुर्ग को रोक लिया था। इसी दौरान उसके साथी युवक ने महिला के गले से करीब ढाई लाख रुपये कीमत की चेन झपट ली। वारदात के बाद दोनों बाइक से मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जी. गौतम और जे. पार्वती के रूप में हुई है, जो रिश्ते में मां-बेटे हैं। पुलिस उनके पास से लूटी गई चेन और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद करने की कार्रवाई कर रही है। साथ ही यह जांच की जा रही है कि उन्होंने पहले भी ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं। पुलिस ने लोगों से मॉर्निंग वॉक के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।

Source: Source