भिलाई इस्पात संयंत्र के नियमित कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों ने लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। सेक्टर-1 के मुर्गा चौक पर कर्मचारियों और श्रमिकों ने नारेबाजी की। प्रदर्शन स्टील एम्प्लाइज यूनियन-इंटक और स्टील ठेका श्रमिक यूनियन-इंटक के बैनर तले हुआ। इसके बाद सेल अध्यक्ष के नाम संबोधित मांग पत्र IR विभाग को सौंपा गया। यूनियन ने कर्मचारियों के 39 महीने के लंबित एरियर्स का भुगतान करने की मांग की। साथ ही 1 जनवरी 2027 से नए वेज रिवीजन की प्रक्रिया स्पष्ट करने की मांग उठाई गई। कर्मचारियों के लिए मासिक इंसेंटिव बढ़ाकर 10 हजार रुपये करने की मांग भी की गई। यूनियन ने 650 वर्गफीट के आवास लाइसेंस पर देने और ‘सब्जेक्ट टू वेकेशन’ व्यवस्था लागू करने की मांग की। ठेका श्रमिकों के लिए कम से कम 26 हजार रुपये मासिक न्यूनतम वेतन की मांग प्रमुख मुद्दों में शामिल रही। यूनियन ने मेडिकल और छंटनी के नाम पर काम कर रहे ठेका श्रमिकों को हटाने का भी विरोध किया। पदाधिकारियों ने कहा कि मांगों का जल्द समाधान होने से कर्मचारियों और श्रमिकों का मनोबल बढ़ेगा। मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर यूनियन ने आने वाले दिनों में बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।

Source: Source