पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान गुरुग्राम की भोंडसी जेल में बंद कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा से मुलाकात करने पहुंचेंगे। जेल प्रशासन की अनुमति के बाद दोपहर में यह मुलाकात होने की जानकारी है। मुख्यमंत्री की यह मुलाकात मौजूदा राजनीतिक और कानूनी घटनाक्रम के बीच महत्वपूर्ण मानी जा रही है। तीन महीने पहले 23 मई को भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल ने भी अरोड़ा से जेल में मुलाकात की थी। उस दौरान दोनों नेताओं ने कानूनी लड़ाई में पार्टी के समर्थन का भरोसा दिलाया था। अरोड़ा को प्रवर्तन निदेशालय ने 9 मई 2026 को गिरफ्तार किया था। उन पर मनी लॉन्ड्रिंग और करीब 100 करोड़ रुपये के कथित फर्जी GST बिलिंग घोटाले से जुड़े आरोप हैं। ED का आरोप है कि उन्होंने कथित शेल कंपनियों के जरिए अवैध वित्तीय लेनदेन किए। एजेंसी ने गुरुग्राम में कथित बेनामी संपत्तियों की खरीद से जुड़े आरोप भी लगाए हैं। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेजा गया था। उनके विभाग अन्य मंत्रियों को सौंपे जा चुके हैं, लेकिन वह अभी भी पंजाब कैबिनेट में मंत्री हैं। आज की मुलाकात में कानूनी प्रक्रिया और आगामी जमानत याचिकाओं पर चर्चा होने की संभावना है। आम आदमी पार्टी ED की कार्रवाई को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताती रही है। पार्टी का आरोप है कि केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं पर दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है।

Source: Source