हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के चौपाल दौरे के दौरान अधिकारियों की गैरमौजूदगी को सरकार ने गंभीरता से लिया है। PWD के प्रिंसिपल सेक्रेटरी ने चीफ इंजीनियर समेत तीन वरिष्ठ अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। अधिकारियों से तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। 19 जुलाई 2026 को मंत्री का चौपाल के मालकोट और नानहार क्षेत्र का दौरा निर्धारित था। इस दौरान सड़क परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम प्रस्तावित थे। साथ ही नानहार में आयोजित बिशु मेले के समापन समारोह में भी मंत्री को शामिल होना था। विभाग के अनुसार दौरे की जानकारी सभी संबंधित अधिकारियों को पहले ही भेज दी गई थी। इसके बावजूद कुछ अधिकारी मौके पर उपस्थित नहीं मिले। नोटिस पाने वालों में अधीक्षण अभियंता विजय चौधरी, अधीक्षण अभियंता दीपक राज चौहान और सहायक अभियंता नितिन ठाकुर शामिल हैं। विभाग ने कहा है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर प्रशासनिक कार्रवाई की जा सकती है। इससे पहले मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भी अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई थी।

Source: Source