हिमाचल प्रदेश की प्रसिद्ध श्री मणिमहेश यात्रा-2026 का आयोजन 25 अगस्त से 19 सितंबर तक किया जाएगा। यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार पूरे यात्रा मार्ग की ड्रोन से निगरानी की जाएगी। ट्रस्ट की बैठक में यात्रा प्रबंधन से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए। श्रद्धालुओं के लिए रजिस्ट्रेशन शुल्क 20 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये कर दिया गया है। लंगर समितियों को पंजीकरण के लिए 12 हजार रुपये और सुरक्षा राशि के रूप में 25 हजार रुपये जमा कराने होंगे। हेली टैक्सी सेवा भी यात्रा शुरू होने के साथ उपलब्ध रहेगी। ड्रोन के जरिए भीड़, जाम और संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखी जाएगी। आपात स्थिति में राहत और बचाव दल को तुरंत सूचना देकर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के लिए एनजीटी के दिशा-निर्देशों का पालन करने की बात कही है। बेहतर स्वच्छता कार्य करने वाले स्वयंसेवी संगठनों को सम्मानित भी किया जाएगा।

Source: Source