महानदी किनारे ग्राम कोलियारी और पारागांव के बीच चल रहे तटबंध निर्माण कार्य में 16 वर्षीय नाबालिग मजदूर की मौत के बाद निर्माण एजेंसी और ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मृतक की पहचान हर्ष साहू निवासी ग्राम खुरसेंगा, थाना कुरूद, जिला धमतरी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार करोड़ों रुपये की लागत से महानदी तटबंध निर्माण का कार्य जारी है। सोमवार सुबह भीषण गर्मी के बीच काम करते समय हर्ष साहू की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसे चक्कर आया और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। साथी मजदूर तत्काल उसे इलाज के लिए कुरूद अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में गोबरा नवापारा रेफर किया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि इतने बड़े निर्माण कार्य में नाबालिग मजदूर कैसे कार्य कर रहा था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण स्थल पर मजदूरों की सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को पूरी तरह नजरअंदाज किया जा रहा था। भीषण गर्मी में काम कराने के बावजूद पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे। ग्रामीणों के अनुसार निर्माण स्थल पर प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य जांच, सुरक्षा किट, हेलमेट और स्वच्छ पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव था। आरोप है कि निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के दबाव में मजदूरों से कठिन परिस्थितियों में लगातार काम कराया जा रहा था। स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि समय पर स्वास्थ्य और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं उपलब्ध होतीं तो संभवतः किशोर मजदूर की जान बचाई जा सकती थी। घटना के बाद ठेकेदार और निर्माण एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। इधर, गोबरा नवापारा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि निर्माण कार्य में श्रम कानूनों और सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। : Source Post navigation संदिग्ध मौत: खदान में मिला क्रशर प्लांट के मुंशी का शव व बाइक जिले के 12 बैंकों में 202 म्यूल खाते ट्रेस, 1 करोड़ से ज्यादा का ट्रांजेक्शन