हिसार मिलिट्री कैंट में तैनात एक जवान से शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 15.88 लाख रुपये की ठगी हुई है। जालसाजों ने जवान को व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर ‘ALUA’ नामक फर्जी ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड कराया और 300% रिटर्न वाले IPO का लालच देकर बैंकों से लोन तक मंगवा लिया। पीड़ित जवान ने पुलिस को बताया कि उन्हें एक अनजान नंबर से व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया गया था। ग्रुप में लोग रोज स्क्रीनशॉट भेजकर 30% से 35% तक मासिक मुनाफे का दावा कर रहे थे। जवान ने शुरुआत में 50,000 रुपये निवेश किए और बाद में ठगों ने उन्हें एक दूसरे ग्रुप में शिफ्ट कर दिया। इस ग्रुप का एडमिन पीयूष शर्मा और उसकी असिस्टेंट जीनल पटेल थी, जो जवान से व्हाट्सएप चैट के जरिए निवेश की डील्स तय करते थे। जवान ने जब प्रॉफिट निकालना चाहा, तो ठगों ने शर्त रख दी कि ‘जब तक आप अलॉटमेंट की पूरी राशि जमा नहीं करते, तब तक एक रुपया भी विड्रॉ नहीं होगा।’ झांसे में आकर जवान ने बैंकों से और ज्यादा लोन उठाया और पैसे ट्रांसफर कर दिए। 10 ट्रांजैक्शन में ठगों ने 15.88 लाख रुपये ऐंठ लिए। पीड़ित जवान ने एसबीआई के अपने दो खातों से ठगों द्वारा दिए गए खातों में 15 मार्च से 26 मार्च के बीच पैसे ट्रांसफर किए। जब 4 दिनों तक पैसा विड्रॉ नहीं हुआ और आरोपियों के सभी मोबाइल नंबर स्विच ऑफ आने लगे, तब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

Source: Source