पंजाब के मानसा जिले के नंगल कलां गांव में युवक अमनदीप शर्मा की हत्या के मामले में पुलिस ने गांव के वर्तमान सरपंच रेशम सिंह उर्फ ‘जिंदा’ समेत तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी भागीरथ सिंह मीणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्रवाई की पुष्टि की। पुलिस के अनुसार, अमनदीप को बस से जबरन उतारकर आरोपियों ने घातक हथियारों से बेरहमी से पीटा था। गंभीर रूप से घायल अमनदीप को इलाज के लिए बठिंडा ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी सरपंच रेशम सिंह आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वारदात में इस्तेमाल किए गए घातक हथियार भी पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। इस मामले में करीब एक दर्जन लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं। अधिकारियों ने बाकी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।

Source: Source