कांकेर जिले के पखांजूर इलाके में एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मासूम बच्ची की मौत के बाद बड़ा बवाल हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई और गुस्साए लोगों ने तोड़फोड़ की। भीड़ ने अस्पताल में रखे सामान को नुकसान पहुंचाया। सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। परिजनों का आरोप है कि इलाज में लापरवाही के कारण बच्ची की जान गई। वहीं अस्पताल प्रशासन की ओर से इस मामले पर जांच की बात कही गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। स्थिति को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है।

Source: Source