सोनीपत के मुरथल जीटी रोड पर होटल के बाहर खड़ी ऑडी कार से ₹1.17 लाख का सामान चोरी हो गया। पीड़ित कारोबारी करनाल जाते समय नाश्ते के लिए होटल में रुके थे। कुछ ही मिनटों में बदमाशों ने कार का शीशा तोड़कर बैग लेकर फरार हो गए। चोरी की पूरी घटना होटल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में दो युवक बाइक पर आते और वारदात को अंजाम देते दिखाई दे रहे हैं। चोरी हुए बैग में लैपटॉप, चार्जर, पावर बैंक, बैंक कार्ड, नकदी और अन्य जरूरी दस्तावेज थे। पुलिस का मानना है कि आरोपी पहले से रेकी कर रहे थे और पेशेवर तरीके से वारदात को अंजाम दिया। मुरथल क्षेत्र में इस तरह की चोरी की यह लगातार दूसरी बड़ी घटना बताई जा रही है। इससे हाईवे पर सक्रिय संगठित गिरोह की आशंका और मजबूत हुई है। मुरथल थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।

Source: Source