मोगा के बाघापुराना में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 75 वर्षीय बुजुर्ग सुरजीत सिंह की मौत हो गई। मृतक बाघापुराना की मुग्लू पट्टी के रहने वाले थे और बाजार में घर के काम का सामान खरीदने आए थे। जानकारी के मुताबिक, सुरजीत सिंह जब बाजार में खरीदारी कर रहे थे, तभी एक कार चालक अपनी गाड़ी पीछे कर रहा था। इसी दौरान बुजुर्ग कार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही बाघापुराना थाने के सहायक थानेदार जगतार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति की जांच की। जांच अधिकारी ने बताया कि मृतक की पत्नी बलवीर कौर के बयानों के आधार पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत प्रक्रिया पूरी की गई है। हालांकि, मृतक के परिजनों ने इस मामले में आगे कोई भी कानूनी कार्रवाई कराने से मना कर दिया है।

Source: Source