सिरसा जिले के रानियां का खेल स्टेडियम नशीली दवाओं के इस्तेमाल के आरोपों को लेकर विवादों में है। स्टेडियम का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें सिरिंज, इंजेक्शन और नशीली दवाओं के खाली पैकेट दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्टेडियम नशा करने वालों का अड्डा बन गया है। उनका कहना है कि दूरदराज के गांवों से युवा यहां नशीले पदार्थों का सेवन करने आते हैं। कांग्रेस नेता और पूर्व प्रत्याशी सर्वमित्र कंबोज ने भी स्टेडियम की बदहाली पर सवाल उठाए हैं। उनके अनुसार परिसर में नशीली दवाओं के सेवन से जुड़ी पन्नियां, लाइटर, सिरिंज और गोलियों के रैपर मिले हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2015 में उद्घाटन के बाद करोड़ों रुपये की लागत से बने स्टेडियम की उचित देखरेख नहीं हुई। ग्राउंड निरीक्षण के दौरान स्टेडियम की खिड़कियां और गेट गायब मिले। बिजली की तारें और अन्य उपकरण भी मौके पर नहीं मिले। खिलाड़ियों के लिए बने बाथरूम में नशे से जुड़ी सामग्री मिलने की बात सामने आई है। स्थानीय पार्षद के अनुसार स्टेडियम को अब तक खेल विभाग या नगर पालिका को औपचारिक रूप से नहीं सौंपा गया है। जिला खेल अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से प्रतिक्रिया नहीं मिली। सिरसा के SP दीपक सहारन ने स्टेडियम में पुलिस टीम तैनात करने और समय-समय पर छापेमारी की बात कही है।

Source: Source