छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। नगर के रिंग रोड स्थित स्वाद घर के पास तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर 15 फीट गहरी पुलिया में जा गिरी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी युवक ग्राम कुर्लूडीह के रहने वाले बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, वे अपनी खराब मोटरसाइकिलों की मरम्मत कराने रामानुजगंज आए थे। इसके बाद नावाडीह से पौधे लेकर पिकअप से गांव लौट रहे थे। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। राहत दल ने जेसीबी की मदद से पिकअप के नीचे दबे युवक को बाहर निकाला। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Source: Source