छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में एक युवक द्वारा आवाज बदलकर लोगों से ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी अनजान लोगों को फोन कर खुद को उनका परिचित बताता था। वह इलाज के बाद दवाई खरीदने के लिए पैसों की मदद मांगता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने एक ही कॉल में अलग-अलग आवाजों का इस्तेमाल किया। रायगढ़ भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष उमेश अग्रवाल को भी आरोपी ने फोन किया था। आरोपी ने पहले अपना नाम गोलू बताया और दवाई के लिए 15 से 17 सौ रुपये मांगे। इसके बाद उसने रोने की आवाज में मदद की गुहार लगाई। फिर आवाज बदलकर खुद को मेडिकल दुकान संचालक बताते हुए दवाई देने की बात कही। बातचीत के दौरान उमेश अग्रवाल को कॉल पर संदेह हुआ और उन्होंने आरोपी से खुद दुकान आने को कहा। बाद में फोन नंबर पर संपर्क नहीं होने पर उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। जांच में मोबाइल नंबर सक्ती निवासी सतीश अग्रवाल के नाम पर मिला। पूछताछ में सतीश ने बताया कि उसके पड़ोस में रहने वाले गोलू उर्फ अभिषेक शर्मा ने उसका मोबाइल लेकर लोगों को फोन किए थे। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने ठगी की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Source: Source