रायपुर नगर निगम ने लाइसेंस फीस का बकाया भुगतान नहीं करने पर बड़ी कार्रवाई की है। निगम मुख्यालय के सामने उद्यान परिसर में संचालित 14 दुकानों को सीलबंद कर दिया गया। यह कार्रवाई नगर निगम उद्यान विभाग की टीम ने की। अधिकारियों के अनुसार, यह कदम पुलिस कमिश्नर और कलेक्टर के आदेश तथा नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर उठाया गया। गणपति इंफ्रा को पांच साल के लिए इन दुकानों के संचालन का लाइसेंस दिया गया था। लाइसेंस की अवधि अगस्त 2026 में समाप्त होने वाली है। निगम का कहना है कि संबंधित एजेंसी द्वारा निर्धारित लाइसेंस फीस का भुगतान नहीं किया जा रहा था। बकाया राशि जमा नहीं होने के बाद टीम प्रहरी अभियान के तहत कार्रवाई की गई। सीलिंग कार्रवाई के दौरान उद्यान विभाग, नगर निवेश उड़नदस्ता टीम और पुलिस बल मौजूद रहा। निगम अधिकारियों ने कहा कि नियमों का उल्लंघन और बकाया भुगतान नहीं करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Source: Source