छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अपराधियों को पकड़ने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद करने वाले यातायात पुलिस के 13 अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने जवानों को प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार प्रदान किए। पिछले एक सप्ताह में उनकी सतर्कता से गांजा तस्करी, वाहन चोरी और पॉकेटमारी समेत छह मामलों में कार्रवाई हुई। 15 अक्टूबर को आरक्षक दबीर खान को इस्कॉन मंदिर के पास संदिग्ध हालत में बैग लेकर खड़े एक महिला और पुरुष की सूचना मिली। जांच के दौरान उनके तीन बैग से करीब 28 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। दोनों आरोपियों को आमानाका थाना पुलिस के हवाले किया गया, जिसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उसी दिन तेलीबांधा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान आरक्षक नंदन झा और संजय पांडेय ने एक संदिग्ध बाइक चालक को रोकने की कोशिश की। चालक बाइक छोड़कर फरार हो गया और जांच में वाहन डोंगरगांव से चोरी का निकला। इसके अलावा 18 अक्टूबर की रात रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-दो के पास ई-रिक्शा चोरी होने की सूचना मिली। यातायात पुलिस के जवानों ने तुरंत घेराबंदी कर संजय गांधी चौक के पास चोरी का ई-रिक्शा ले जा रहे अमर कुमार बेहरा और अजय टांडी को पकड़ लिया। दोनों आरोपियों और ई-रिक्शा को आगे की कार्रवाई के लिए गंज थाना पुलिस को सौंप दिया गया। वहीं, 20 अक्टूबर को रावणभांठा दशहरा मैदान में मोबाइल और नकदी चोरी करने के आरोप में एक पॉकेटमार को मौके पर पकड़ा गया। उसे आगे की कार्रवाई के लिए टिकरापारा थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम के हवाले किया गया। पुलिस अधिकारियों ने जवानों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया। Source: Source Post navigation उधार के पैसे मांगने पर सेल्समैन की हत्या, 1.41 लाख रुपये लूटकर फरार आरोपी गिरफ्तार बिलासपुर में गौठान के पास मोमबत्ती की रोशनी में जुआ खेलते 9 लोग पकड़े गए, 10,500 रुपये जब्त