दुर्ग से रावघाट रेल लाइन का दोहरीकरण और विद्युतीकरण की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। वरिष्ठ भाजपा नेता मधुकांत यादव ने कहा है कि दुर्ग-रावघाट रेलखंड में दो लाइन और पूर्ण विद्युतीकरण होने से कच्चा लोहा परिवहन, यात्री सुविधाओं और रेल संचालन में व्यापक सुधार होगा। इससे क्षेत्र के औद्योगिक और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी। रावघाट क्षेत्र से उच्च गुणवत्ता का कच्चा लोहा प्राप्त होता है, जिसका उपयोग भविष्य में विश्वस्तरीय रेल पटरियों के निर्माण में किया जा सकेगा। दुर्ग से रावघाट रेलखंड में दोहरी लाइन बनने से मालगाड़ी, पैसेंजर ट्रेन और एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन में सुविधा होगी। इसके अलावा दल्ली राजहरा में वाशिंग लाइन और अतिरिक्त प्लेटफार्म निर्माण की मांग भी की गई है। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशनों में लिफ्ट और स्वचालित सीढ़ियां लगाने की मांग भी उठाई गई है। विगत 20 वर्षों से रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और हाल ही में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और सांसद तोखन साहू से मुलाकात कर भी इस संबंध में मांग रखी गई है।

Source: Source