लुधियाना में वाहन चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। शहर में चोर दिन और रात दोनों समय दोपहिया वाहनों को निशाना बना रहे हैं। जनकपुरी और मेहरबान इलाके से एक्टिवा और बाइक चोरी के मामले सामने आए हैं। दोनों घटनाएं आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई हैं। एक मामले में चोरों ने डिजिटल चाबी की मदद से एक्टिवा का लॉक खोल लिया। वहीं दूसरे मामले में मेडिकल स्टोर के बाहर खड़ी बाइक चोरी कर ली गई। पीड़ितों ने पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि नियमित पेट्रोलिंग नहीं होने से चोरों के हौसले बढ़ रहे हैं। पीड़ित संदीप ने बताया कि वह कई दिनों से थाने के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से चोरी हुए वाहनों की जल्द बरामदगी की मांग की है। उन्होंने वाहन चोर गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई और गश्त बढ़ाने की अपील की है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से शहरवासियों में चिंता बढ़ रही है।

Source: Source