लुधियाना में 48 घंटे के भीतर 9 लड़कियों के लापता होने के मामले में प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के स्वत: संज्ञान लेने के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हुआ है। डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने बताया कि बरामद लड़कियों की काउंसलिंग कराई जाएगी। काउंसलिंग के जरिए यह पता लगाया जाएगा कि उन्होंने घर छोड़ने का फैसला किन परिस्थितियों में लिया। प्रशासन यह भी जांच करेगा कि कहीं किसी ने उन्हें बहकाकर घर से बाहर तो नहीं निकाला। अभी तक दो लड़कियां बरामद नहीं हुई हैं, जिनके बिहार और तरनतारण में होने की जानकारी मिली है। दोनों को जल्द सुरक्षित वापस लाने के प्रयास जारी हैं। हाईकोर्ट ने सभी लड़कियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद परिवारों को सौंपने के निर्देश दिए हैं। शुरुआती जांच में अधिकांश लड़कियां आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से बताई जा रही हैं। प्रशासन मामले की गहराई से जांच कर भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के उपाय करेगा।

Source: Source