छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के लोरमी वनांचल क्षेत्र स्थित जमुनाही गांव में शनिवार तड़के तीन हाथियों के दल ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों की चिंघाड़ और बस्ती की ओर बढ़ते झुंड को देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी फैल गई। इस दौरान हाथियों ने ग्रामीण नीलकंठ यादव के घर के पास पहुंचकर दहशत पैदा कर दी। घटना सुबह करीब पांच बजे की बताई जा रही है। हाथियों की आवाज सुनकर ग्रामीण सतर्क हो गए और संभावित खतरे को भांपने लगे। झुंड को अपने घर की ओर बढ़ता देखकर नीलकंठ यादव पत्नी और बच्चों के साथ घर छोड़कर बस्ती की ओर भाग गए। इस तरह उन्होंने अपने परिवार को संभावित खतरे से बचाया। गांव में उत्पात के दौरान हाथियों ने खूंटे से बंधे दो मवेशियों को कुचलकर मार डाला। इसके अलावा कुछ घरों को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीण अपने परिवारों तथा मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। प्रभावित परिवार को हुए नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग भी उठाई गई है। अब ग्रामीणों की नजर वन विभाग की कार्रवाई पर है, ताकि भविष्य में हाथियों के हमलों से जान-माल के नुकसान को रोका जा सके। Source: Source Post navigation बिलासपुर सेंट्रल जेल से 19 बंदियों की रिहाई: सजा पूरी होने के बाद भी थे बंद, शासन की मंजूरी से मिली आजादी गोहाना में अतिक्रमण पर पुलिस का एक्शन, दुकानदारों को दोबारा कब्जा करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी