दंतेवाड़ा में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने वाले वीएसके एप की तकनीकी समस्याओं को लेकर शिक्षकों में नाराजगी बढ़ रही है। शालेय शिक्षक संघ ने एप की खामियों को लेकर शासन और शिक्षा विभाग से समाधान की मांग की है। संघ ने चेतावनी दी है कि तकनीकी गड़बड़ी के कारण किसी शिक्षक का वेतन काटा गया तो विरोध किया जाएगा। शिक्षकों का कहना है कि वे डिजिटल व्यवस्था के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन प्रणाली विश्वसनीय और सुचारु होनी चाहिए। संघ के अनुसार, कई स्कूलों में जीपीएस, नेटवर्क, सर्वर और एप क्रैश जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। इन तकनीकी परेशानियों के कारण कई बार समय पर ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं हो पाती। शिक्षक संघ ने कहा कि केवल एप रिकॉर्ड के आधार पर किसी शिक्षक को अनुपस्थित मानना उचित नहीं है। वास्तविक उपस्थिति के सत्यापन के बाद ही किसी कार्रवाई की जानी चाहिए। संघ ने विद्यालय की उपस्थिति पंजी को भी मान्य प्रमाण मानने की मांग की है। दूरस्थ और कमजोर नेटवर्क वाले क्षेत्रों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था लागू करने की अपील की गई है। शिक्षकों ने वीएसके एप की तकनीकी खामियों को जल्द दूर करने की मांग की है।

Source: Source