पंजाब के तरनतारन में साइबर ठगी का शिकार हुए एक किसान के बैंक खाते से 3.85 लाख रुपये गायब हो गए थे, जिन्हें छह महीने बाद साइबर सेल ने वापस दिला दिया। पीड़ित किसान गुरजंट सिंह गांव तलवंडी शोभा सिंह, पट्टी के निवासी हैं और खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उन्होंने ठेके पर खेती के लिए कुछ राशि जमा कर रखी थी। 11 नवंबर 2025 को उनके व्हाट्सएप पर एक अज्ञात नंबर से संदेश आया। जैसे ही उन्होंने उस मैसेज पर क्लिक किया, कुछ ही समय बाद उनके बैंक खाते से 3.85 लाख रुपये ट्रांसफर होने का अलर्ट आया। घटना के बाद उन्होंने तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई। इसके साथ ही तरनतारन साइबर क्राइम थाने से संपर्क किया गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक को सूचित कर खाते को सुरक्षित किया। जिस खाते में पैसे गए थे, उसे चिन्हित कर फ्रीज कर दिया गया। विभिन्न बैंकों और एजेंसियों के समन्वय से कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। अंततः पूरी राशि 3.85 लाख रुपये पीड़ित किसान के खाते में वापस जमा करवा दी गई। साइबर सेल ने लोगों से अनजान लिंक और मैसेज पर क्लिक न करने की अपील की है।

Source: Source