शिमला के लक्कड़ बाजार में व्यापारियों ने मंगलवार को तहबाजारियों के विरोध में हड़ताल शुरू कर दी। कारोबारियों ने सुबह से अपनी दुकानें बंद रखीं और बाजार में अनशन पर बैठ गए। व्यापारियों ने प्रशासन से सड़क किनारे दुकानें लगाने वाले तहबाजारियों को हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। लक्कड़ बाजार शिमला के प्रमुख हेरिटेज क्षेत्रों में शामिल है। व्यापारियों के मुताबिक सड़क किनारे अस्थायी दुकानें लगने से बाजार की पहचान प्रभावित हो रही है। नगर निगम ने पहले हाईकोर्ट के आदेश के तहत तहबाजारियों को यहां से हटाया था। सोमवार को सीटू के बैनर तले बड़ी संख्या में तहबाजारी दोबारा बाजार पहुंचे और अस्थायी दुकानें लगा लीं। इसके बाद स्थानीय व्यापारियों और तहबाजारियों के बीच तीखी बहस हुई। मौके पर मौजूद पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया। व्यापारियों ने तहबाजारियों को नोटिफाइड स्ट्रीट वेंडिंग जोन में स्थान देने की मांग की है। उन्होंने हाईकोर्ट के आदेशों का सख्ती से पालन कराने की अपील की है। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर चक्का जाम समेत बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

Source: Source