ऑनलाइन स्टॉक ट्रेडिंग में बड़े मुनाफे का झांसा देकर ठगों ने तीन लोगों से करीब 1.02 करोड़ रुपए की ठगी कर ली। सबसे बड़ी ठगी शंकर नगर निवासी प्रॉपर्टी डीलर विशाल बरड़िया से 92 लाख रुपए की हुई। उनकी शिकायत के बाद पुलिस ने 11 लाख रुपए होल्ड कराए हैं। ठगों ने शुरुआत में निवेश की रकम पर मुनाफा देकर भरोसा जीता और बाद में सोशल मीडिया ग्रुप में जोड़कर अलग-अलग खातों में पैसे जमा कराए। विशाल ने 8 अगस्त से 9 सितंबर के बीच करीब 92 लाख रुपए ट्रांसफर किए थे। दूसरे मामले में वालफोर्ट हाइट्स भाठागांव निवासी सेवानिवृत्त निजी कंपनी कर्मचारी टी चंद्राकर से 9.65 लाख रुपए ठगे गए। आरोपी ने खुद को एचडीएफसी सिक्योरिटीज से जुड़ा बताकर डीमैट अकाउंट खोलने के नाम पर लिंक भेजा और एक एप डाउनलोड कराया। एप में कथित मुनाफा दिखाकर पीड़ित से 9 से 31 अगस्त के बीच अलग-अलग खातों में रकम जमा कराई गई। तीसरे मामले में बीज निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारी राजकुमार शुक्ल से एक लाख रुपए की ठगी हुई। आरोपी ने खुद को पंजाब नेशनल बैंक का सीनियर मैनेजर बताकर रिटायर्ड कार्ड बनाने के नाम पर एचआरएमसी एप डाउनलोड कराया और खाते से रकम निकाल ली। तीनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर एक्सपर्ट ने निवेश से पहले प्लेटफॉर्म और वेबसाइट की विश्वसनीयता जांचने की सलाह दी है। विशेषज्ञों के अनुसार अनजान व्हाट्सऐप लिंक से एप डाउनलोड करने के बजाय केवल आधिकारिक ऐप स्टोर का इस्तेमाल करना चाहिए। Source: Source Post navigation पानीपत फायरिंग में घायल नाबालिग का दावा: BJP नेता ने चलाई गोली, परिवार ने ₹7 लाख समझौते का आरोप लगाया घर में दुपट्टे से फंदा लगाकर 20 वर्षीय युवक ने दी जान, मोबाइल से आत्महत्या की वजह तलाश रही पुलिस