हरियाणा के शिक्षकों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। स्कूल शिक्षा विभाग ने राज्य शिक्षक ट्रांसफर पॉलिसी को मंजूरी के लिए 22 जून को होने वाली मंत्रिमंडल की बैठक में रखने का निर्णय लिया है। कैबिनेट की मुहर लगते ही विभाग तबादलों का विस्तृत शेड्यूल जारी कर देगा। हाल ही में ‘हसला’ (हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ) के प्रतिनिधिमंडल ने डीजीएसई जितेंद्र दहिया से मुलाकात कर शिक्षकों से जुड़ी लंबित मांगों को प्रमुखता से रखा था। इस दौरान ट्रांसफर के अलावा पदोन्नति और वरिष्ठता सूची के मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। विभाग ने बताया कि पीजीटी से प्रिंसिपल के पदों पर पदोन्नति के लिए फाइल जल्द ही हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) को भेजी जाएगी। इसके साथ ही, वर्ष 2016 से लंबित वरिष्ठता सूची तैयार करने के लिए गठित समिति को भी मंजूरी मिल गई है, जिससे प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी। विभाग ने शिक्षक संघ को सभी लंबित समस्याओं के जल्द और सकारात्मक समाधान का आश्वासन दिया है। यह कदम राज्य के हजारों शिक्षकों के लिए एक बड़ी राहत साबित होगा।

Source: Source