हिमाचल प्रदेश में स्कूल स्तर पर खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए पहला स्पोर्ट्स स्कूल तैयार किया गया है। शिक्षा विभाग ने जुब्बल स्पोर्ट्स हॉस्टल को अपग्रेड कर स्पोर्ट्स स्कूल का रूप दिया है। संस्थान का उद्घाटन शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर करने जा रहे हैं। यहां कक्षा 6वीं से 12वीं तक की 180 छात्राओं को प्रवेश दिया जाएगा। इनमें 130 छात्राएं हॉस्टल में रहेंगी, जबकि 50 स्थानीय छात्राएं डे-स्कॉलर के रूप में पढ़ेंगी। प्रदेशभर से प्रतिभावान खिलाड़ियों के चयन के लिए ट्रायल पहले ही आयोजित किए जा चुके हैं। चयनित छात्राओं को पढ़ाई के साथ विशेषज्ञों से नियमित खेल प्रशिक्षण मिलेगा। स्कूल में वॉलीबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, ताइक्वांडो, जूडो, टेबल टेनिस और शतरंज की ट्रेनिंग दी जाएगी। चयनित खिलाड़ियों को रहने और खाने की सुविधा मुफ्त मिलेगी। छात्राओं को स्पोर्ट्स किट, जूते और जरूरी खेल उपकरण भी निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। विभाग प्रत्येक खिलाड़ी के भोजन पर प्रतिदिन 240 रुपये खर्च करेगा। हिमाचल ने पिछले साल स्कूल गेम्स में रिकॉर्ड 48 पदक जीते थे और 22 विद्यार्थियों ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। जुब्बल का प्रयोग सफल होने पर प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी ऐसे स्पोर्ट्स स्कूल खोले जा सकते हैं।

Source: Source