हिसार के सूर्या नगर में डेयरी संचालक जीवन कुंडू की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 10 विशेष पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। आरोपियों के विदेश भागने की आशंका के चलते पुलिस ने वांछित आरोपियों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धान्त जैन के अनुसार मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी तथ्यों, साक्ष्यों और हत्या के कारणों की पड़ताल कर रही है। पीड़ित परिवार की सुरक्षा के लिए गनमैन उपलब्ध कराया गया है और घर पर पुलिस बल तैनात किया गया है। परिवार के पुनर्वास के लिए नौकरी के आवेदन की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। पुलिस के मुताबिक 4 अगस्त की सुबह जीवन बाइक पर ट्रॉली लगाकर गोबर डालने जा रहा था। इसी दौरान करीब 10-12 युवकों ने उसे घेरकर लाठी-डंडों से हमला किया था। गंभीर रूप से घायल जीवन को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत से पहले सामने आए वीडियो में जीवन ने कुछ हमलावरों के नाम बताए थे। पुलिस के अनुसार करीब डेढ़ महीने पहले गोबर डालने को लेकर जीवन और पड़ोसी रमेश के बीच विवाद हुआ था। बाद में डेयरी में खोर बनवाने को लेकर भी दोनों पक्षों में विवाद और मारपीट हुई थी। पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और हत्या से जुड़े पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। Source: Source Post navigation पंचकूला में अकेले रहने वाले 1800 बुजुर्ग पुलिस की निगरानी में, मेड-सर्वेंट से लेकर ऑटो ड्राइवर तक का वेरिफिकेशन तेज जयपुर में ट्रेनी IPS राहुल बंसल पर 1 करोड़ रिश्वत का आरोप, ट्रेनिंग के दौरान ही विवादों में आए अधिकारी