हिसार के सूर्या नगर में डेयरी संचालक जीवन कुंडू हत्याकांड में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 10 विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। आरोपियों के विदेश भागने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धान्त जैन ने कहा कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है। पुलिस घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों, साक्ष्यों और हत्या के कारणों की पड़ताल कर रही है। पीड़ित परिवार की सुरक्षा के लिए व्यक्तिगत सुरक्षा गनमैन और घर पर पुलिस बल तैनात किया गया है। परिवार के पुनर्वास के लिए नौकरी के आवेदन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त की सुबह जीवन गोबर डालने के लिए बाइक पर ट्रॉली लेकर जा रहा था। इसी दौरान करीब 10-12 युवकों ने उसे घेरकर लाठी-डंडों से हमला किया और गंभीर रूप से घायल कर दिया। अस्पताल में इलाज के दौरान जीवन की मौत हो गई। मौत से पहले सामने आए वीडियो में जीवन ने कुछ हमलावरों के नाम बताए थे और अपने साथ हुई मारपीट का जिक्र किया था। बताया गया है कि करीब डेढ़ महीने पहले गोबर डालने को लेकर जीवन और पड़ोसी रमेश के बीच विवाद हुआ था। बाद में डेयरी में खोर बनवाने को लेकर भी दोनों पक्षों में विवाद और मारपीट हुई थी। पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Source: Source