हिसार में नगर निगम कर्मचारियों की बेमियादी हड़ताल मंगलवार को 34वें दिन में पहुंच गई। प्रशासन की सख्ती के बीच प्रदर्शनकारियों ने विरोध का तरीका बदल दिया है। पहले उग्र प्रदर्शन और झाड़ू छीनने की घटनाओं के बाद अब कर्मचारी गांधीगिरी करते नजर आए। राजगुरु मार्केट में सफाई अभियान के दौरान हड़ताली कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ठेकेदार के सफाई कर्मचारियों के सामने हाथ जोड़कर काम नहीं करने की अपील की। महिला पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाने की कोशिश की। इस दौरान हड़ताली महिलाओं की पुलिसकर्मियों से बहस हो गई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर बस में बैठा दिया। इससे एक दिन पहले पुलिस ने काम में बाधा डालने के आरोप में करीब 25 कर्मचारियों को हिरासत में लिया था। निगम प्रशासन ने हड़ताल के 33वें दिन कर्मचारी संघ के प्रधान सुरेंद्र उर्फ भोलू समेत सात कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया था। तीन अन्य कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। शहर में सफाई व्यवस्था बहाल करने के लिए पुलिस सुरक्षा में ठेकेदार की टीम से डोर-टू-डोर कचरा उठवाया जा रहा है। अलग-अलग इलाकों में 48 गाड़ियों की मदद से कचरा संग्रहण और प्रमुख बाजारों की सफाई कराई गई।

Source: Source