हिसार में नगर निगम कर्मचारियों की बेमियादी हड़ताल मंगलवार को 34वें दिन भी जारी रही। प्रशासन की सख्ती और पुलिस कार्रवाई के बीच प्रदर्शनकारियों ने विरोध का तरीका बदल दिया। हड़ताली सफाईकर्मी अब उग्र प्रदर्शन के बजाय गांधीगिरी करते नजर आए। राजगुरु मार्केट में सफाई अभियान के दौरान प्रदर्शनकारी ठेकेदार के कर्मचारियों के पास पहुंचे। उन्होंने हाथ जोड़कर उनसे सफाई कार्य नहीं करने की अपील की। महिला पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाने की कोशिश की। इस दौरान कुछ हड़ताली महिलाएं पुलिसकर्मियों से उलझ गईं। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर बस से भेज दिया। हड़ताल के 33वें दिन नगरपालिका कर्मचारी संघ के हिसार इकाई अध्यक्ष सुरेंद्र उर्फ भोलू समेत सात कर्मचारियों को बर्खास्त किया गया था। तीन अन्य कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किए गए हैं। इससे पहले हड़ताली कर्मचारियों पर ठेकेदार की टीम से झाड़ू छीनने और काम में बाधा डालने के आरोप लगे थे। शहर में सफाई व्यवस्था बहाल करने के लिए पुलिस सुरक्षा में 48 वाहनों से डोर-टू-डोर कचरा उठाया जा रहा है।

Source: Source