हरियाणा के हिसार में बिजली निगम के कर्मचारियों और इंजीनियरों की हड़ताल के कारण शहर और ग्रामीण इलाकों में बिजली व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। कई क्षेत्रों में 24 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण लोगों का गुस्सा बढ़ गया है। सेक्टर-17, मॉडल टाउन, टाउन एंक्लेव, सूर्यनगर और अर्बन एस्टेट सहित कई इलाकों में बिजली नहीं होने से लोग परेशान हैं। नाराज लोगों ने विद्युत सदन के गेट के सामने जाम लगाकर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बिजली कर्मचारियों के घरों में आपूर्ति जारी है, जबकि आम लोगों को अंधेरे में रहना पड़ रहा है। इस मुद्दे पर स्थानीय लोगों और बिजली कर्मचारियों के बीच तीखी बहस भी हुई। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन करने आए लोग भाजपा से जुड़े हैं और पैसे लेकर वहां पहुंचे हैं। इस टिप्पणी पर लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि वे आम नागरिक हैं और बिजली कटौती से परेशान होकर प्रदर्शन कर रहे हैं। कर्मचारियों ने कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे हैं, जबकि प्रदर्शनकारियों ने सवाल उठाया कि इसके लिए आम जनता को क्यों परेशान किया जा रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन प्रदर्शनकारी धरने पर बैठे रहे और बिजली बहाल होने तक नहीं उठने की बात कही। बिजली कटौती का असर व्यापार पर भी पड़ा है और पुष्पा कॉम्प्लेक्स के दुकानदार मोबाइल की रोशनी में काम करने को मजबूर हैं। दुकानदारों का कहना है कि त्योहारों के मौसम में बिजली बंद रहने से कारोबार प्रभावित हो रहा है। एमसी कॉलोनी में भी कुछ दुकानदार बिजली आने के बाद ही ग्राहकों को सामान देने की बात कह रहे हैं। सेक्टर-13, सेक्टर-16-17, विद्युत नगर और सेक्टर-9-11 सहित कई इलाकों में भी बिजली आपूर्ति बाधित रही। बताया गया है कि अर्बन एस्टेट के 11 केवी फीडर में खराबी के बाद विद्युत नगर के 33 केवी सबस्टेशन से आपूर्ति शुरू की गई, लेकिन वहां ट्रांसफॉर्मर में भी तकनीकी खराबी आ गई, जिससे शहर के बड़े हिस्से में बिजली संकट गहरा गया। Source: Source Post navigation हरियाणा में बिजली संकट से हाहाकार, बाल्टियां लेकर सड़कों पर उतरे लोग; दूध-दही खराब, दुकानदारों ने ऑर्डर किए कैंसिल अनूपपुर में लोको ट्रेन से टकराई पिकअप, चालक की दर्दनाक मौत और 6 लोग घायल; रेलवे फाटक नहीं होने पर उठे सवाल