बेमेतरा जिले के परपोड़ी स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय की मरम्मत पर सवाल उठ रहे हैं। करीब 35 साल पुराने जर्जर भवन की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग ने 32 लाख रुपये खर्च किए थे। आरोप है कि काम पूरा होने के तीन साल बाद ही भवन की दीवारों और छत पर बड़ी दरारें दिखाई देने लगी हैं। स्कूल भवन की खराब स्थिति से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। कई दरवाजे टूटे हुए हैं और बिजली के तार खुले में लटक रहे हैं। बारिश के मौसम में छात्रों और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई जा रही है। पालकों का कहना है कि जर्जर भवनों की पहले सुरक्षा जांच होनी चाहिए। यदि भवन मरम्मत योग्य न हो तो उसे हटाकर नया निर्माण किया जाना चाहिए। आरोप है कि नियमों की अनदेखी कर पुराने ढांचे पर ही लाखों रुपये खर्च कर दिए गए। स्थानीय लोगों ने मामले की जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। खराब निर्माण के कारण स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।

Source: Source