फतेहाबाद जिले की भट्टू कलां थाना पुलिस ने गांव शेखुपुर दड़ौली में चचेरी बहन पर कस्सी से हमला करने के आरोपी को पकड़ लिया है। आरोपी की पहचान गांव शेखपुर दड़ौली निवासी नरेंद्र के रूप में हुई है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में हिसार जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में अन्य आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। भट्टू कलां प्रभारी राधेश्याम ने बताया कि आरोपी नरेंद्र और उसकी पत्नी की आपस में कहासुनी हो रही थी। इसी दौरान बीच में टोकने से नाराज होकर उसने अपनी चचेरी बहन पर कस्सी से हमला कर दिया था। घायल महिला विमल के पिता गांव शेखुपुर दड़ौली निवासी सत्यवान ने पुलिस को दिए बयान में बताया था कि उसकी बेटी विमल की शादी सात साल पहले हुई थी। वह पिछले करीब एक साल से मायके में उनके पास ही रह रही है। 21 मई को वह खेतों में भेड़-बकरियां चराने गया हुआ था। इसी दौरान गांव के एक व्यक्ति ने उसे सूचना दी कि उसकी बेटी विमल पर हमला हुआ है। घर के आंगन में बिखरा था खून जब वह घर पहुंचा तो घर के आंगन में खून बिखरा हुआ था तथा परिजन घायल विमल को उपचार के लिए अस्पताल ले जा चुके थे। बाद में पता चला कि उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। सत्यवान ने बताया था कि घटना के समय उसकी बेटी घर पर अकेली थी। इसी दौरान नरेंद्र तथा उसके साथी सुमित ने घर में घुसकर उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपी सुमित ने विमल को पकड़ लिया, जबकि नरेंद्र ने जान से मारने की नीयत से कस्सी से उसके सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर गई। दूसरे आरोपी की तलाश जारी एसएचओ राधेश्याम ने बताया कि इस संबंध में भट्टू कलां थाने में 23 मई को बीएनएस की धारा 109(1), 118(1), 333, 3(5) के तहत केस दर्ज किया गया था। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी नरेंद्र को काबू कर लिया। उसके साथी सुमित की तलाश की जा रही है।

Source: Source