धमतरी जिले के दुधावा और सरोना वन परिक्षेत्र में आदमखोर तेंदुए के आतंक से ग्रामीणों में भारी दहशत है। पिछले पांच दिनों के भीतर तेंदुए ने ग्राम गट्टागुड़ूम में तीन लोगों को अपना निशाना बनाया है। हाल ही में तेंदुआ धनेश कुंजाम के घर में घुस आया और उन पर हमला कर दिया, हालांकि लाठी के सहारे धनेश ने अपनी जान बचाई। इससे पहले तेंदुआ घर में सो रही 65 वर्षीय बुधन उइके को दबोचकर 20 मीटर तक घसीट ले गया था, लेकिन शोर मचाने पर वह बच गईं। क्षेत्र में तेंदुए की सक्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 22 दिन पहले ही इसने एक ग्रामीण को मारकर खा लिया था। कोरमुड़ गांव में भी पिछले कुछ समय में तेंदुए द्वारा एक व्यक्ति और एक बच्चे को मारकर खाए जाने की पुष्टि हुई है। वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और अकेले जंगल या घर से बाहर न निकलने की सख्त सलाह दी है। आए दिन हो रहे इन हमलों के बाद ग्रामीणों ने घर से बाहर निकलना तक बंद कर दिया है। वन रक्षक मुन्ना शोरी ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी है। ग्रामीण अब दहशत के साये में जीने को मजबूर हैं और प्रशासन से पिंजरा लगाने या तेंदुए को पकड़ने की मांग कर रहे हैं।

Source: Source