बस्तर के प्रसिद्ध कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान को पर्यटकों के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। मानसून की शुरुआत और लगातार बारिश को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। प्रशासन ने पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उद्यान के अधिकांश हिस्सों में प्रवेश पर रोक लगा दी है। कोटमसर गुफा भी 1 अक्टूबर तक पर्यटकों के लिए बंद रहेगी। अधिकारियों के अनुसार बारिश के मौसम में जंगल क्षेत्र में सुरक्षा जोखिम काफी बढ़ जाता है। कई स्थानों पर सड़कें फिसलन भरी हो जाती हैं और नाले उफान पर आ जाते हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका भी बनी रहती है। इन परिस्थितियों में पर्यटन गतिविधियों का संचालन सुरक्षित नहीं माना गया है। हालांकि पर्यटक तीरथगढ़ जलप्रपात का भ्रमण कर सकेंगे। प्रशासन ने लोगों से प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश न करने की अपील की है। साथ ही जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान अपनी प्राकृतिक सुंदरता, गुफाओं, झरनों और जैव विविधता के लिए प्रसिद्ध है। हर वर्ष बड़ी संख्या में देश-विदेश के पर्यटक यहां पहुंचते हैं।

Source: Source