हरियाणा के कुरुक्षेत्र में कांग्रेस के एक प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य (PCC) के साथ 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का सचिव कनिष्क सिंह बताकर उनसे संपर्क किया और उत्तराखंड इकाई के नाम पर चंडीगढ़ में एक फर्जी प्रशिक्षण कार्यक्रम का झांसा दिया। ठग ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के ठहरने की व्यवस्था के नाम पर 10 लाख रुपये ऐंठ लिए। पीड़ित ने भरोसा करने के लिए कॉल को ट्रूकॉलर पर भी चेक किया था, जहाँ नाम कनिष्क सिंह ही दिखाई दिया। होटल के बाहर दीपक नामक एक युवक को पैसे सौंपने के बाद, आरोपियों ने और रुपयों की मांग की और बाद में संपर्क तोड़ दिया। कांग्रेस पार्टी से पुष्टि करने पर पता चला कि ऐसा कोई कार्यक्रम आयोजित ही नहीं हुआ था। अब कुरुक्षेत्र के थाना शहर थानेसर में मामला दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।

Source: Source