अमृतसर के मजीठा रोड पावर कॉलोनी स्थित 132 केवी बिजलीघर में शुक्रवार देर रात 2 टी इनकमर में आग लग गई। हादसा रात करीब 1:45 बजे हुआ। आग लगने से ग्रिड से जुड़े 11 केवी के लगभग आठ फीडर बंद हो गए। इसके कारण मजीठा रोड और आसपास के क्षेत्रों के 30 हजार से अधिक उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। प्रभावित इलाकों में करीब साढ़े 11 घंटे तक बिजली नहीं रही। पावरकॉम की टीमों ने शनिवार दोपहर करीब एक बजे नया इनकमर स्थापित किया। इसके बाद बिजली आपूर्ति पूरी तरह बहाल कर दी गई। हरि मंदिर, एमईएस, बाबा श्री चंद, वीर गार्डन, हरि राय एवेन्यू, डायमंड एवेन्यू, पावर कॉलोनी और पंडोरी बडैच सहित कई इलाकों में बिजली प्रभावित रही। राहत के लिए पावरकॉम के मेंटेनेंस स्टाफ ने प्रभावित क्षेत्रों को ‘रिंग मेन सिस्टम’ के जरिए दूसरे चालू फीडरों से जोड़ा। इस व्यवस्था के तहत उपभोक्ताओं को बीच-बीच में एक से दो घंटे के लिए अस्थायी बिजली उपलब्ध कराई गई। इससे लोगों को पीने का पानी भरने और इन्वर्टर चार्ज करने में सुविधा मिली। बिजली आपूर्ति सामान्य होने के बाद उपभोक्ताओं को राहत मिली।

Source: Source