छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-343 पर बड़ा सड़क हादसा टल गया। गुरुवार रात हलहापुल के पास हाइवा और ट्रक की टक्कर के बाद पीछे आ रही यात्री बस भी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। रामानुजगंज से रायपुर जा रही जे रॉयल बस ट्रक की चपेट में आ गई। टक्कर के कारण बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात रही कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और अधिकारियों ने यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। दुर्घटना के कारण हाईवे पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस और संबंधित विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Source: Source