पंजाब सरकार ने रजिस्ट्री और राजस्व रिकॉर्ड को आम लोगों के लिए आसान बनाने की पहल की है। इसके तहत रिकॉर्ड में इस्तेमाल होने वाले 35 कठिन उर्दू और फारसी शब्दों को हटाने का फैसला लिया गया है। पंजाब माल एवं पुनर्वास विभाग ने इन शब्दों की जगह सरल पंजाबी और हिंदी शब्दों के इस्तेमाल के निर्देश जारी किए हैं। अब ‘फर्द’ की जगह ‘नकल जमाबंदी’ और ‘फौत’ की जगह ‘मौत’ या ‘मृत्यु’ लिखा जाएगा। जमीन के लिए इस्तेमाल होने वाले ‘अराजी’ शब्द को हटाकर ‘जमीन’ शब्द अपनाया जाएगा। ‘बैनामा’ की जगह ‘विक्री नामा’ या ‘बिक्री पत्र’ जैसे आसान शब्दों का उपयोग होगा। पक्षों के लिए इस्तेमाल होने वाले ‘फरीक अव्वल’ और ‘फरीक दोम’ को भी सरल भाषा में बदला जाएगा। सरकार का उद्देश्य रजिस्ट्री प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और समझने योग्य बनाना है। नए बदलावों से लोगों को जमीन संबंधी दस्तावेज समझने में आसानी होगी और विशेषज्ञों पर निर्भरता कम होगी। विभाग ने आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन प्रशासनिक सुधारों को लागू करने का निर्णय लिया है।

Source: Source