छत्तीसगढ़ के दुर्ग में पुलिस ने साइबर ठगी से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। कार्रवाई में नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि ये लोग 2 से 10 हजार रुपये के कमीशन के बदले अपने और अन्य लोगों के बैंक खाते साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। इन खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम को ट्रांसफर करने और उसका स्रोत छिपाने के लिए किया जाता था। गिरफ्तार आरोपियों में सात म्यूल अकाउंट होल्डर और दो एजेंट शामिल हैं। एजेंट खाताधारकों और साइबर अपराधियों के बीच संपर्क का काम करते थे। पुलिस ने पुरानी भिलाई थाना और एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई में सभी को पकड़ा। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और सिम कार्ड तक अपराधियों को सौंपे थे। इन खातों में लाखों रुपये के संदिग्ध लेनदेन पाए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से बैंक दस्तावेज, मोबाइल और अन्य सामान जब्त किए हैं। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि लालच में आकर अपना बैंक खाता या अन्य वित्तीय जानकारी किसी को न दें। ऐसे मामलों में खाताधारक भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं। Source: Source Post navigation सेक्सटॉर्शन गैंग का पर्दाफाश, फरीदाबाद के तीन युवक गिरफ्तार, वीडियो कॉल से ठगी का आरोप बिलासपुर में वन विभाग का स्टिंग ऑपरेशन, पेट शॉप से चार संरक्षित कछुए बरामद; संचालक गिरफ्तार