फाजिल्का जिले के गांव टाहली वाला जट्टा में स्थित पीर बाबा की मजार पर नशा करने का मामला सामने आया है। मजार परिसर में दो युवकों के कथित तौर पर नशा करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में भारी रोष फैल गया। लोगों ने धार्मिक स्थल पर इस तरह की गतिविधि को लेकर नाराजगी जताई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। गांव के सरपंच सुरजीत सिंह ने घटना को बेहद निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि पवित्र स्थल का गलत इस्तेमाल किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और युवकों को वहां से हटा दिया। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई। पुलिस ने संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई तथ्यों के आधार पर की जाएगी।

Source: Source