भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवान खिलेश कुमार ध्रुव का रविवार को असम के गुवाहाटी में निधन हो गया। वह छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के ग्राम शंकरदाह के निवासी थे। उनकी उम्र 32 वर्ष थी। जवान हाल ही में नक्सल प्रभावित नारायणपुर क्षेत्र में अपनी ड्यूटी पूरी कर लौट रहे थे। अपनी मूल पदस्थापना पर जाते समय रास्ते में उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। उनके निधन की खबर से परिवार और गांव में शोक की लहर फैल गई। स्थानीय लोगों और परिचितों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सोमवार को उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। सुरक्षा बलों और प्रशासन की ओर से भी उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी।

Source: Source