लुधियाना के हैबोवाल क्षेत्र स्थित शिव शक्ति मंदिर में मूर्ति क्षतिग्रस्त करने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार एक अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर में पहुंचकर भगवान शिव की मूर्ति को नुकसान पहुंचाया। मंदिर के प्रधान सुभाष चंद्र ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 19 जुलाई शाम करीब 8 बजे एक व्यक्ति माथा टेकने के बहाने मंदिर में आया था। आरोप है कि उसने प्रसाद के डिब्बे से मूर्ति पर वार कर उसे खंडित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर हैबोवाल थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

Source: Source