मानसा में बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या सामने आई है। सड़कों और गलियों में गंदा पानी भरने से लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी हो रही है। पैदल यात्रियों और वाहन चालकों दोनों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वीर नगर, जंडां वाला स्कूल के आसपास और भाई गुरदास क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। उनका आरोप है कि मानसून से पहले सीवरेज सफाई के दावे केवल कागजों तक सीमित रहते हैं। नागरिकों ने आशंका जताई कि यदि आने वाले दिनों में भारी बारिश हुई तो हालात और गंभीर हो सकते हैं। लोगों ने प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की है। नगर परिषद के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रेम सागर भोला ने जल्द सीवरेज सफाई शुरू कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि सीवरेज पाइपलाइन का कार्य पूरा हो चुका है। जल्द जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि आवश्यक कदम उठाकर लोगों को राहत देने का प्रयास किया जाएगा।

Source: Source