हरियाणा के पीडब्ल्यूडी एवं जनस्वास्थ्य मंत्री रणबीर गंगवा के नाम का फर्जी इस्तेमाल कर अधिकारियों और भाजपा नेताओं को ठगने की कोशिश करने वाले दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। साइबर थाना पुलिस और सीआईए की संयुक्त टीम ने राजस्थान के अलवर जिले से दोनों आरोपियों को पकड़ा। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने मंत्री के नाम से फर्जी दस्तावेजों के जरिए मोबाइल सिम हासिल किया था। इस सिम के जरिए कॉल करने पर ट्रूकॉलर पर मंत्री रणबीर गंगवा का नाम दिखाई देता था। भरोसा कायम करने के लिए ठगों ने मंत्री के सोशल मीडिया पेज से फोटो डाउनलोड कर व्हाट्सएप डीपी पर लगा रखी थी। आरोपियों ने कई अधिकारियों और भाजपा पदाधिकारियों को फोन कर अपने बताए लोगों का काम कराने का दबाव बनाया। पानीपत और करनाल के भाजपा जिलाध्यक्षों को कॉल आने पर उन्हें बातचीत के तरीके से शक हुआ। उन्होंने मंत्री से संपर्क कर मामले की पुष्टि की, जिसके बाद फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। मंत्री के निजी सहायक की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल किसी से आर्थिक ठगी होने की जानकारी सामने नहीं आई है।

Source: Source