चंडीगढ़ पुलिस ने दुकानों में चोरी करने वाले एक पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोपी दंपती छोटे बच्चे को साथ लेकर दुकानों में वारदात करता था। वे दुकानदारों को बातों में उलझाकर नकदी और महंगा सामान चोरी कर फरार हो जाते थे। व्यापारियों ने सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया की मदद से दोनों की पहचान की। आरोपियों को पकड़ने के लिए व्यापारियों ने योजना बनाई और उन्हें बुलाकर पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरप्रीत सिंह और उसकी पत्नी ट्विंकल के रूप में हुई है। एक कॉस्मेटिक दुकान से दंपती ने कथित तौर पर 35 हजार रुपये नकद और करीब 9 हजार रुपये के नोटों के हार चोरी किए थे। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी। जांच में सामने आया कि आरोपी कई दुकानों में एक जैसे तरीके से वारदात करते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दंपती ने ट्राइसिटी क्षेत्र में कितनी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। अन्य दुकानदारों से मिली शिकायतों की भी जांच की जा रही है।

Source: Source