हरियाणा के सिरसा में शनिवार से सीबीएसई नॉर्थ जोन-2 बालक वर्ग तैराकी चैंपियनशिप का आयोजन शुरू होगा। चार दिवसीय प्रतियोगिता एमएसजी भारतीय खेल गांव के अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्विमिंग पूल में आयोजित की जाएगी। हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख से खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंच रहे हैं। खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, परिवहन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। सिरसा रेलवे स्टेशन पर बाहर से आने वाली टीमों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। रेलवे स्टेशन से प्रतियोगिता स्थल और आवास तक पहुंचाने के लिए विशेष वाहनों की व्यवस्था भी की गई है। प्रतियोगिता का उद्घाटन सुबह 9 बजे होगा, जिसमें हरियाणा स्विमिंग एसोसिएशन के महासचिव अनिल खत्री मुख्य अतिथि होंगे। मुकाबले अंडर-11, अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की विभिन्न स्पर्धाओं में आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिता का आयोजन शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल, सिरसा द्वारा किया जा रहा है। परिणामों की सटीकता सुनिश्चित करने के लिए इलेक्ट्रॉनिक टाइमिंग सिस्टम (टच पैड्स) का उपयोग किया जाएगा। प्रतिदिन सुबह और शाम दो सत्रों में मुकाबले होंगे। आयोजन समिति ने खिलाड़ियों को सुरक्षित, निष्पक्ष और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रतियोगिता का अनुभव देने के लिए सभी तैयारियां पूरी होने का दावा किया है।

Source: Source