हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में देहरा बस स्टैंड पर सड़क हादसा हुआ। एचआरटीसी बस की चपेट में आने से 55 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में महिला की दोनों टांगें बस के अगले टायर के नीचे आकर कुचल गईं। घायल महिला की पहचान सुषमा देवी निवासी सिहोटी खुर्द के रूप में हुई है। वह अपने पति के साथ देहरा ब्लॉक कार्यालय किसी काम से आई थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस स्टैंड पर बस बैक करते समय महिला हादसे का शिकार हुई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और एचआरटीसी कर्मचारियों ने महिला को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और चालक, परिचालक व प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

Source: Source