जगदलपुर के शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय में भर्ती प्रक्रिया और अन्य मुद्दों को लेकर NSUI ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। NSUI बस्तर के जिला अध्यक्ष विशाल खंबारी ने प्रेस वार्ता कर विश्वविद्यालय पर कई आरोप लगाए। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी का दावा किया। संगठन ने कहा कि प्राध्यापक और अन्य पदों की भर्ती में अभ्यर्थियों के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। NSUI ने लंबे समय से कार्यरत तृतीय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग भी उठाई। संगठन का आरोप है कि पुराने कर्मचारियों के हितों की अनदेखी की जा रही है। छात्र नेताओं पर दर्ज FIR को लेकर भी NSUI ने विरोध जताया। संगठन ने आरोप लगाया कि शैक्षणिक मांगों को लेकर ज्ञापन देने वाले छात्रों पर गलत तरीके से मामले दर्ज किए गए। NSUI ने FIR वापस लेने और कुलपति प्रो. मनोज श्रीवास्तव को हटाने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन और विश्वविद्यालय घेराव किया जाएगा।

Source: Source